कूच विहार में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला किया और राज्य की जनता को भरोसे और विकास का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, "इस बार बंगाल में एक ओर TMC का भय है और इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास भाजपा का भरोसा है। TMC के ‘कट मनी’ और ‘करप्शन’ का भय है, वहीं विकास को तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है। घुसपैठ और बदलती जनसांख्यिकी का भय है, वहीं भाजपा अपने माटी पर गर्व के साथ भरोसा देती है।" उन्होंने भाजपा को सुरक्षा, सम्मान और नारी सशक्तिकरण की गारंटी देने वाला विकल्प बताया।
पीएम मोदी ने TMC पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
पीएम नरेंद्र मोदी ने मतदान वाले दिन कानून पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, "इस चुनाव में बंगाल से भय भागेगा और भाजपा की महाविजय से भरोसा जागेगा। 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा, चाहें कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो। इस बार न्याय हो कर रहेगा। उन्होंने TMC पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा, "इतने वर्षों से बंगाल की जनता का पैसा लूटा गया है। हर भ्रष्टाचारी को यह लूटा हुआ पैसा जनता को लौटाना ही पड़ेगा।
महिला सशक्तिकरण के भरोसे के साथ बंगाल में बदलाव होगा
पीएम मोदी ने महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बताया कि भाजपा सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि इस पर 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र रखा गया है ताकि महिलाओं को लंबे समय से लंबित अधिकार मिल सकें। कूच विहार रैली में मोदी का संदेश स्पष्ट था: भय और भ्रष्टाचार से छुटकारा, विकास और महिला सशक्तिकरण के भरोसे के साथ बंगाल में बदलाव संभव है।