पश्चिम बंगाल में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। चुनाव आयोग कभी भी राज्य में चुनाव की घोषणा कर सकता है, ऐसे में प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच बयानबाज़ी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ दल और विपक्षी दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, जिससे चुनावी माहौल और भी गरमाता दिखाई दे रहा है।
बंगाल के युवाओं के पास रोजगार नहीं है
आज पीएम मोदी परिवर्तन संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए राज्य की ममता सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, यहां की निर्मम सरकार ने बंगाल के युवाओं को पलायन का अभिशाप दिया है। बंगाल के युवा प्रतिभा में सबसे आगे है, मेहनत में सबसे आगे है, लेकिन आज हालत क्या है? यहां का युवा न डिग्री ले पा रहा है और न ही उसे रोजगार मिल रहा है।
बंगाल में विकास कार्य ठप रहे
पीएम मोदी ने सारे विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि, पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब TMC, ये लोग एक के बाद एक आते रहे और अपनी जेबें भरते रहे और बंगाल में विकास कार्य ठप रहे। TMC सरकार में नौकरियां खुलेआम बेची जा रही हैं, भर्तियों मेंघोटाले हो रहे हैं। अब समय आ गया है कि हालात बदलें।
टीएमसी सरकार पर पीएम मोदी ने साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, आप सबने देश भर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता के बारे में सुना है। गरीब परिवारों को पक्का घर मिल रहा है। लेकिन यहां क्या हुआ? योजना का नाम बदल दिया गया, लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ की गई और जिन गरीबों को घर मिलना था वे आज भी इंतजार कर रहे हैं, केवल बिजली, पानी, सड़क, घर की बात नहीं है, TMC सरकार अपनी राजनीति की वजह से आयुष्मान योजना को भी लागू नहीं कर रही है।
आज बंगाल में अपराधियों को खुली छूट है
उन्होंने आगे अपने संबोधन में कहा कि, हमारे बंगाल ने आज़ादी के बाद विभाजन सहा, विभाजन की आग देखी, मज़हबी दंगे देखे, बाद के दशकों में अस्थिरता देखी, घुसपैठ का दौर देखा, रक्तपात सहा, इन सबकी सबसे बड़ी भुक्तभोगी अगर कोई थी तो बंगाल की माताएं, बहनें, महिलाएं थी। लेफ्ट की सरकार में हत्या, बलात्कार और अपहरण का वह दौर कोई नहीं भूल सकता इसलिए आप लोग लेफ्ट को हटाकर बड़ी आशा के साथ TMC को लेकर आए। आपने TMC पर भरोसा किया लेकिन TMC ने लेफ्ट के गुंडों, माफियाओं को ही अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। आज बंगाल में अपराधियों को खुली छूट है, आए दिन बहन-बेटियों के खिलाफ दिल दहलाने वाले अपराध होते हैं।
टीएमसी सरकार खुलेआम बलात्कारियों को सरंक्षण देती है
राज्य की टीएमसी सरकार पर अपने हमले तेज करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, यहां निर्मम सरकार खुलेआम बलात्कारियों को सरंक्षण देती है, अपराधियों को बचाने की कोशिश करती है। संदेशखाली की वह तस्वीरें और TMC का रवैया, आर जी कर अस्पताल की उस बेटी के साथ हुई दरिंदगी बंगाल के लोग भूले नहीं है। पीएम ने आगे कहा कि, TMC कैसे खुलेआम अपराधियों के साथ खड़ी नजर आती थी। इसी मानसिकता का परिणाम है आज महिलाओं के खिलाफ एसिड अटैक जैसे घिनोने अपराध पश्चिम बंगाल में हो रहे हैं। बंगाल को ऐसे हालात मंजूर नहीं है, आप भाजपा को मौका दीजिए, भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित होंगी और अपराधी जेल में होंगे और यह मोदी की गारंटी है।
Comments (0)