प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता दौरे से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। पीएम की जनसभा से पहले ब्रिगेड परेड ग्राउंड के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस उन्हें बैग लेकर सभा स्थल के अंदर जाने से रोक रही थी। इसी बात से नाराज होकर कई कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
सभा से पहले दिखा उत्साह
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर समर्थकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। राज्य के अलग-अलग इलाकों से लोग बस, ट्रेन और नाव के जरिए कोलकाता पहुंच रहे हैं। ब्रिगेड ग्राउंड की ओर जाते हुए कई समर्थक “मोदी-मोदी” के नारे लगाते नजर आए। राजनीतिक रूप से भी भाजपा के लिए यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले चुनावों को देखते हुए पार्टी बंगाल में अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रही है।
क्या बोले भाजपा नेता
इस बीच भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि हर बड़े चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का दौरा होता है और पार्टी बड़े पैमाने पर सभाएं करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बंगाल के लोगों को संबोधित करने आ रहे हैं और देशभर के लोग उनकी बातों पर भरोसा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में लोगों को डराने और भड़काने की कोशिश की जा रही है।
करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिगेड ग्राउंड से पश्चिम बंगाल के लोगों को बड़ी सौगात देने वाले हैं। वे करीब 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, कनेक्टिविटी बेहतर बनाना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
Comments (0)