प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूरे पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। इस दौरान उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ टीएमसी सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि बंगाल में बदलाव की आहट अब साफ दिखाई दे रही है।
विकास परियोजनाओं से मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। इससे व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि देश में रेलवे को आधुनिक बनाने का अभियान तेजी से चल रहा है और केंद्र सरकार चाहती है कि पश्चिम बंगाल भी इस विकास यात्रा में पीछे न रहे। इसी दिशा में राज्य के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
‘बंगाल से महाजंगलराज खत्म होगा’
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में अब बदलाव तय है। उन्होंने कहा कि महाजंगलराज का अंत होगा और परिवर्तन की लहर को कोई नहीं रोक सकता। उनके अनुसार, सत्ता जाते देख राज्य की सरकार बौखलाई हुई है, लेकिन जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
‘फिर लौटेगा कानून का राज’
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एक बार फिर कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि अत्याचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और राज्य में नए दौर की शुरुआत होगी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और जल्द ही बंगाल में नया परिवर्तन देखने को मिलेगा।
‘बंगाल के विकास के लिए प्रतिबद्ध है बीजेपी’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बंगाल में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और विकास की नई दिशा तय होगी।
‘जनसैलाब को नहीं रोक पाई सरकार’
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि रैली को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कई कोशिशें की गईं। उन्होंने कहा कि लोगों को सभा में आने से रोकने के लिए पुल बंद कराए गए, वाहनों को रोका गया और पोस्टर व झंडे हटवाए गए, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
Comments (0)