हावड़ा से अमृतसर जा रही 13005 पंजाब मेल में बम होने की सूचना ने शुक्रवार रात रेलवे प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया। जैसे ही हेल्पलाइन पर कॉल मिली, तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन को चंदनपुर स्टेशन पर रोक दिया गया। इस दौरान स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था अचानक कड़ी कर दी गई, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई।
एक घंटे बाद आया खतरे का फोन
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन निर्धारित समय पर शाम 7:20 बजे हावड़ा से रवाना हुई थी। करीब एक घंटे बाद रात 8:30 बजे रेलवे हेल्पलाइन 139 पर एक अज्ञात कॉलर ने ट्रेन में बम होने की सूचना दी। इसके बाद कंट्रोल रूम ने बिना देरी किए ट्रेन को नजदीकी चंदनपुर स्टेशन पर रुकवाया।
स्टेशन पर हाई अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां मौके पर
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्थिति की निगरानी के लिए स्टेशन पर डेरा डाल दिया। पूरे स्टेशन को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
सर्च ऑपरेशन जारी
बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने ट्रेन की हर बोगी को खाली कराकर गहन तलाशी अभियान शुरू किया। सीटों के नीचे, टॉयलेट और सामान रखने की जगहों की बारीकी से जांच की जा रही है।
यात्रियों में दहशत का माहौल
अचानक ट्रेन रुकने और भारी पुलिस बल की मौजूदगी से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने सभी यात्रियों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।
कॉलर की तलाश में जांच तेज
रेलवे और पुलिस अब उस अज्ञात शख्स की तलाश में जुटी हैं, जिसने यह सूचना दी थी। शुरुआती जांच में इसे अफवाह भी माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं हैं।