हावड़ा में राम नवमी के मौके पर निकलने वाली शोभायात्रा के रूट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हावड़ा सिटी पुलिस ने आयोजकों द्वारा प्रस्तावित मार्ग पर अनुमति देने से इनकार कर दिया है। जानकारी के अनुसार विश्व हिंदू परिषद ने शिवपुर इलाके में आचार्य जगदीश चंद्र बोस इंडियन बॉटैनिक गार्डन के गेट नंबर-1 से काजीपाड़ा, जीटी रोड और मल्लिक फाटक होते हुए रामकृष्णपुर घाट तक शोभायात्रा निकालने की अनुमति मांगी थी। हालांकि पुलिस ने इस मार्ग पर जुलूस की इजाजत नहीं दी।
पुलिस ने सुझाया वैकल्पिक रूट
पुलिस प्रशासन ने आयोजकों को फोरशोर रोड के रास्ते शोभायात्रा निकालने की अनुमति देने की बात कही है, लेकिन आयोजक इस प्रस्ताव से सहमत नहीं हैं और अपने तय मार्ग पर ही जुलूस निकालने की मांग कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है झड़प
बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 और 2023 में इसी रूट पर रामनवमी के दौरान शोभायात्रा पर उपद्रवियों द्वारा हमला किए जाने की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों की जांच फिलहाल राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए ही पुलिस ने रूट बदलने का सुझाव दिया है।
आयोजकों ने अदालत जाने का दिया संकेत
दुर्गा वाहिनी की नेता ऋतु सिंह ने कहा कि पुलिस का यह फैसला स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी आयोजक इस फैसले के खिलाफ कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करेंगे।
Comments (0)