सोदपुर: पश्चिम बंगाल के सोदपुर इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पानीहाटी के कालीतल्ला क्षेत्र में एक मिठाई दुकान के मालिक और उसके बेटे पर अपने ही कर्मचारी के साथ बेहद क्रूर व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामूली विवाद के बाद कर्मचारी को खौलते दूध से झुलसा दिया गया।
मामूली बहस बनी हैवानियत की वजह
जानकारी के मुताबिक, दुकान में काम करने वाले कारीगर संजीव पाल और मालिक के बीच काम को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस छोटी सी बात पर मालिक अमोल घोष और उसके बेटे आलय घोष का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने पहले कर्मचारी के साथ मारपीट की और फिर उसे उबलते दूध में धकेल दिया।
गंभीर रूप से झुलसा कर्मचारी
इस अमानवीय हरकत में संजीव पाल का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह जल गया। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने बताया कि एक छोटी सी गलती की इतनी बड़ी सजा उसे दी गई, जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी।
भीड़ का फूटा गुस्सा
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। जब पुलिस आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी, तभी गुस्साई भीड़ ने उन्हें रोककर पीटना शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और किसी तरह आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने अमोल घोष और आलय घोष को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।