कोलकाता के तारातला इलाके में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के गोदाम के पास अचानक आग लग गई। आग सबसे पहले गोदाम के बगल में स्थित पार्किंग क्षेत्र में देखी गई, जिसके बाद देखते ही देखते लपटें फैलने लगीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। शाम करीब 4 बजे दमकल विभाग को आग लगने की खबर मिली और कुछ ही मिनटों में दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। शुरुआत में आठ दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई।
दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब 4:45 बजे आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, कुछ स्थानों पर अब भी हल्की आग सुलग रही थी, जिसे बुझाने का काम जारी रहा।
अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी तक नहीं हो पाया है। आग लगने के कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चल सका है, और जांच जारी है।
इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कोलकाता के विभिन्न हिस्सों में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।