सिउड़ी/कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का पारा चढ़ने के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी तीखी होती जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बंगाल में 'बुलडोजर नीति' लागू करने की धमकी पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाते हुए पलटवार किया है। सिउड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता ने स्पष्ट किया कि बंगाल की संस्कृति में बुलडोजर के लिए कोई जगह नहीं है।
"हम बुलडोजर वाले नहीं": ममता बनर्जी
रविवार को कांथी में योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बंगाल में भी अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ बुलडोजर चलेगा। इस पर जवाब देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "कल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री यहां आए थे और कह रहे थे कि यहां भी बुलडोजर चलेगा। इसका क्या मतलब है? हम बुलडोजर की नीति में विश्वास नहीं करते। हम प्यार और भाईचारे की नीति में विश्वास करते हैं।"
केंद्रीय एजेंसियों और काले धन पर चेतावनी
ममता बनर्जी ने मतदाताओं को आगाह करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "बीजेपी से पैसे मत लीजिए। वे अकाउंट बनाकर पैसे देने के नाम पर काला धन देंगे और फिर आपके पीछे ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) को लगा देंगे। मेरा काम आपको सतर्क करना है।"
294 सीटों पर मैं ही उम्मीदवार हूँ"
सिउड़ी केंद्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार उज्ज्वल चटर्जी के समर्थन में बोलते हुए ममता ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने मतदाताओं से कहा, "यहां उज्ज्वल को नहीं, बल्कि यह मानकर चलें कि मैं ही उम्मीदवार हूं। अगर आप तृणमूल के नेतृत्व वाली सरकार चाहते हैं, तो राज्य की सभी 294 सीटों पर मुझे ही उम्मीदवार मानकर वोट दें।"
बढ़ती चुनावी सरगर्मी
बंगाल के इस रण में जहां तृणमूल की ओर से ममता और अभिषेक बनर्जी कमान संभाले हुए हैं, वहीं बीजेपी के लिए दिल्ली के नेताओं और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों का 'डेली पैसेंजरी' का दौर शुरू हो गया है। योगी आदित्यनाथ के 'बुलडोजर' वाले बयान ने इस चुनावी मुकाबले को और अधिक ध्रुवीकृत कर दिया है।