पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने कई प्रमुख नेताओं को टिकट दिया है। खास बात यह है कि वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, भाजपा नेता दिलीप घोष को खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।
11 महिला उम्मीदवारों को भी मिला मौका
भाजपा की इस सूची में 11 महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है। इनमें प्रमुख नामों में अग्निमित्रा पॉल, कलिता मांझी (ओसग्राम), मैना मुर्मू (मान बाजार), मामोनी बाउरी (रघुनाथपुर) और चंदना बाउरी (साल्टोरा) शामिल हैं।
क्रिकेटर अशोक डिंडा को भी टिकट
भाजपा ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को भी चुनावी मैदान में उतारा है। उन्हें मोयना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। बंगाल क्रिकेट में लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन करने वाले डिंडा अब राजनीति की पिच पर अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।
दो चरणों में होगा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य में मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण के तहत 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल की तारीख तय की गई है। वहीं, चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान के दौरान सभी पोलिंग बूथों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।






Comments (0)