नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के बीच, सोमवार को देश के उच्च सदन यानी राज्यसभा में बंगाल के नए प्रतिनिधियों ने शपथ ली। राज्यसभा के चेयरमैन सी.पी. राधाकृष्णन की उपस्थिति में विभिन्न राज्यों के कुल 19 सांसदों ने शपथ ग्रहण की, जिनमें पश्चिम बंगाल के 5 दिग्गज चेहरे शामिल रहे।
तृणमूल और बीजेपी के दिग्गजों ने संभाली जिम्मेदारी
सोमवार को हुए इस शपथ ग्रहण समारोह में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के चार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नवनिर्वाचित सांसद ने पद की शपथ ली। टीएमसी की ओर से:पूर्व पुलिस अधिकारी राजीव कुमार, सुप्रीम कोर्ट की वकील मेनका गुरुस्वामी, मशहूर अभिनेत्री रुक्मिणी (कोयल) मलिक और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने शपथ ली। बीजेपी की ओर से अनुभवी नेता विश्वजीत (राहुल) सिन्हा ने राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत की।
कोयल मलिक का 'रुक्मिणी' के नाम से शपथ और सादगी ने जीता दिल
टॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कोयल मलिक इस खास मौके पर अपने पिता रंजीत मलिक, माता, पति निशपाल सिंह और बेटे के साथ संसद भवन पहुँचीं। कोयल ने राज्यसभा में अपने असली नाम रुक्मिणी मलिक' के रूप में शपथ ली। इस दौरान उनका बंगाली लुक—लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी और कांथा स्टिच ब्लाउज—संसद में चर्चा का केंद्र रहा। शपथ के बाद कोयल ने कहा, "नई जगह है, नई जिम्मेदारी है, इसे समझने में थोड़ा समय लगेगा।"
राहुल सिन्हा और बाबुल सुप्रियो की नई पारी
बीजेपी नेता राहुल सिन्हा ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर राज्यसभा में कदम रखा है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और गायक बाबुल सुप्रियो ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल पहुँचकर काफी भावुक (Nostalgic) नजर आए। इन सभी ने बांग्ला भाषा में शपथ ली, जबकि वकील मेनका गुरुस्वामी ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण की।
बंगाल के मुद्दों पर रहेगा जोर
शपथ ग्रहण के बाद सभी सांसद टीएमसी के राज्यसभा नेता डेरेक ओ'ब्रायन के साथ सेंट्रल हॉल और संसद परिसर का दौरा करते दिखे। वकील मेनका गुरुस्वामी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि संसद में बंगाल के ज्वलंत मुद्दों को उठाना ही उनका मुख्य लक्ष्य होगा।