कोलकाता: अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार पश्चिम बंगाल में पिछले सप्ताह से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है और सप्ताह के अंत तक इसके जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए दक्षिण बंगाल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं।
कोलकाता समेत कई जिलों में असर
गुरुवार को कोलकाता में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पुरुलिया, झाड़ग्राम, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, पश्चिमी बर्दवान, बीरभूम और नादिया जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार से और बिगड़ेगा मौसम
शुक्रवार से पूरे दक्षिण बंगाल में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश तेज हो सकती है। शनिवार को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश जारी
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और मालदा में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदलाव से तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
Comments (0)