मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयर आज 20 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण का लक्ष्य पार करने वाली पहली सूचीबद्ध भारतीय कंपनी बन गई। मंगलवार को कंपनी का स्टॉक बीएसई पर 1.89 फीसदी तक बढ़कर 52-सप्ताह के उच्च स्तर 2957.80 रुपए पर पहुंच गया। पिछले दो सप्ताह में ही शेयर का बाजार मूल्य एक लाख करोड़ रुपए बढ़ गया है। 29 जनवरी को यह 19 लाख करोड़ रुपए के स्तर को छू गया था। इस कैलेंडर वर्ष में अब तक, भारत के सबसे मूल्यवान स्टॉक की कीमत लगभग 14 फीसदी बढ़ गई है।
रिलायंस के मार्केट कैप में हुई हालिया बढ़ोत्तरी से मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 2024 में 12.5 अरब डॉलर बढ़कर 109 अरब डॉलर हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार वे सबसे अमीर भारतीय हैं और दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
मुंबई स्थित रिलायंस समूह तेल-से-दूरसंचार क्षेत्र में कारोबार करता है और बाजार में इसकी अपनी एक अलग पैठ है। आरआईएल ने अगस्त 2005 में 1 लाख करोड़ रुपए का बाजार पूंजीकरण हासिल किया था और नवंबर 2019 में यह 10 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया। अब 20 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण के साथ, आरआईएल भारत में सबसे मूल्यवान कंपनी कंपनी बन गई है, जो टीसीएस (15 लाख करोड़ रुपए), एचडीएफसी बैंक (10.5 लाख करोड़ रुपए), आईसीआईसीआई बैंक (7 लाख करोड़ रुपए) और इंफोसिस (7 लाख करोड़ रुपए) जैसी अन्य कंपनियों से बहुत आगे है।
मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयर आज 20 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण का लक्ष्य पार करने वाली पहली सूचीबद्ध भारतीय कंपनी बन गई।