MP News - मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने एक बार फिर कांग्रेस पर तीखा कटाक्ष किया है। ( MP News ) उन्होने कांग्रेस के ‘भगवामय’ होने पर तंज कसते हुए कहा है कि, इससे अच्छे दिन और क्या चाहिए। गृहमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस को चुनाव आते ही सारे भगवान भी याद आने लगते हैं और भगवा भी, लेकिन जनता इनकी असलियत अच्छे से समझ गई है और वो इनके छलावे में आने वाली नहीं।
कांग्रेस को भगवान और भगवा दोनों चुनाव पर ही याद आते हैं
नरोत्तम मिश्रा ने अपने आवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, कांग्रेस भगवामय हो रही है, कार्यालय भगवामय हो रहा है, हनुमान चालीसा कांग्रेस पढ़ रही है। अब इसमें भी क्या कहानी है या दगाबाजी है ये आने वाला समय बताएगा, लेकिन ये सच है कि, इन्हें भगवान और भगवा दोनों चुनाव पर ही याद आते हैं। न इन्हें चुनाव से पहले भगवा याद आता है न चुनाव के बाद भगवा याद आता है। वहीं राहुल गांधी और कमलनाथ पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि, इनके नेता भी चुनाव पर ही टोपी, टीका,जनेऊ जो भी लगाते हैं चुनाव पर ही लगाते हैं। अब जनता इन चीजों को समझ गई है।
ये सब कांग्रेस की चुनावी स्टंटबाजी है - नरोत्तम मिश्रा
आपको बता दें कि, पिछले कुछ समय से एमपी कांग्रेस न सिर्फ कई तरह के धार्मिक आयोजन करा रही है, बल्कि भगवा रंग में रंगती भी नजर आ रही है। कुछ दिन पहले ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भगवा झंडों से सजाया गया था। वहीं पीसीसी चीफ कमलनाथ द्वारा खुद को हनुमान भक्त कहने और कर्नाटक चुनाव में बजरंग दल को बैन करने की बात पर भी गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जमकर निशाना साधा था। अब एक बार फिर ‘भगवा’ को लेकर वो हमलावर हैं और कह रहे हैं कि, ये सब कांग्रेस की चुनावी स्टंटबाजी है।
ये भी पढ़ें - Rajnath Singh: केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह बोले – भारत के आत्मसम्मान के खिलाफ उठाए गए हर कदम का मुंहतोड़ जवाब देंगे
Comments (0)