CG News : रायपुर। राजधानी रायपुर के नगर निगम की ओर से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों पर लगाए गए टैक्स ने लोगों को हैरान कर दिया है। कई झोपड़ी में न तो दरवाजा है और न ऐसी छत की पूरी तरह बारिश से बचा जा सके, इसके बावजूद हजारों का टैक्स देखकर यहां के लोग हैरान-परेशान है। दरअसल, नगर निगम ने गरीबों को 10 से 20 हजार रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स भेजा है। ये टैक्स चंद्रशेखर आजाद वार्ड के बृज नगर में रहने वाले गरीबों के घर आया है। झोपड़ियों में डिजिटल नंबर प्लेट लगाने के बाद इसका खुलासा हुआ है। वहीं इस मामले में महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि, जल्द ही इसका समाधान निकाला जाएगा। अहिल्या मानिकपुरी की झोपड़ी में न तो दरवाजा है और न ऐसी छत की पूरी तरह बारिश से बचा जा सके, लेकिन फिर भी उन्हें 9 हजार रुपए का टैक्स भेजा गया है, जो अहिल्या की तीन महीने की सैलरी के बराबर है। अहिल्या ने बताया कि उसको महीने भर मजदूरी करने के बाद 3 हजार रुपए मिलते हैं। ऐसे में घर-परिवार की जिम्मेदारी के बाद टैक्स की रकम भरने की चिंता सता रही है। उनका कहना है कि नगर निगम ने झोपड़ियों में भी डिजिटल नंबर प्लेट लगा दिया है। नया नंबर प्लेट लगने के बाद जब टैक्स की जानकारी उन्होंने ली तब रकम देखकर सबके होश उड़ गए, क्योंकि इतना टैक्स चुकाना उनके बस में नहीं है।
CG