28 दिसंबर को कांग्रेस अपना 138वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र के नागपुर में ‘हैं तैयार हम’ महारैली निकाली जाएगी। इसमें कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित पार्टी पदाधिकारियों और अन्य नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसी के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी यहां पर पहुंच रहे हैं।
झंडा वंदन और अन्य कार्यक्रम होंगे
वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी व अन्य नेता भी नागपुर रैली में शामिल होने जाएंगे। इसके साथ ही पीसीसी और डीसीसी कार्यालय मे झंडा वंदन और अन्य कार्यक्रम होंगे। सभी जिला कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए गए है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किया ट्वीट
इसे लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि, ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कल 28 दिसंबर 2023 को अपने गौरवशाली 138 वर्ष पूर्ण करने जा रही है। स्वतंत्रता संघर्ष से लेकर आज तक राष्ट्र की प्रगति, संपन्नता, सुरक्षा, अखंडता व संप्रभुता तथा देशवासियों का हित व खुशहाली ही कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य रहा है। कांग्रेस स्थापना दिवस के सुअवसर पर नागपुर में ‘हैं तैयार हम’ रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर हमें कांग्रेस की रीति नीति और विचारधारा को जन-जन तक, घर-घर तक पहुंचाना है।’
ये रैली काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही
नागपुर को आरएसएस का गढ़ कहा जाता है और ऐसे में ऑरेंज सिटी में कांग्रेस की ये रैली काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रैली स्थल का नाम ‘भारत जोड़ो मैदान’ रखा गया है और यहां 5 लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
Comments (0)