इंदौर के एमवाय अस्पताल में एक बच्चे के परिजनों और डॉक्टरों के बीच गंभीर विवाद हो गया, जिसमें 3 डॉक्टर और 2 सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। यह घटना शिशु वार्ड में भर्ती एक बच्चे के इलाज के दौरान हुई, जहां बच्चे के परिजन दीपक और प्रदीप सोलंकी ने डॉक्टरों से बच्चे की तबीयत को लेकर सवाल किए। इस दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
डॉ. श्वेतांक सोनी शिशु रोग विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वे चेस्ट वार्ड में बैठे थे, तभी रात करीब 12 बजे दीपक और प्रदीप सोलंकी उनसे मिलने पहुंचे और बच्चे की सेहत के बारे में बातचीत करने लगे। डॉक्टरों के अनुसार, परिजन लगातार नाराजगी जाहिर कर रहे थे और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे। डॉक्टरों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं थे। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टरों ने अस्पताल के सुरक्षा गार्ड को बुलाया, लेकिन परिजन गार्ड से भी उलझ पड़े। स्थिति और अधिक बिगड़ गई जब दीपक और प्रदीप के कुछ अन्य साथी भी वहां आ पहुंचे और उन्होंने डॉक्टरों के चैंबर में रखे डॉक्यूमेंट्स को बिखेर दिया। इस बीच, बच्चे के परिजनों के साथ आई महिलाओं ने भी लेडी गार्ड के साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। जब डॉक्टरों ने इस पर आपत्ति जताई, तो परिजनों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
बच्चे की तबियत बिगड़ने पर उसके परिजन और डॉक्टरों के बीच गंभीर विवाद हो गया। इसमें 3 डॉक्टर और 2 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।