देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आजादी का जश्न धूमधाम से मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराकर भव्य परेड की सलामी ली। मार्च पास्ट के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति और सुदूर गांवों तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता संग्राम त्याग और बलिदान की अमर गाथा है। उन्होंने भारत माता के वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के वीर नायकों की अमर गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेंगी।
‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आज से प्रदेश में ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत हो रही है। इस अभियान के तहत प्रदेश के 6,671 ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बालिकाओं के लिए नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है।
नक्सल प्रभावित बस्तर के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलमुक्त भारत का संकल्प पूरा होगा। आज बस्तर में शान से तिरंगा लहरा रहा है और यह वहां के लोगों की आकांक्षाओं में आए बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बस्तर के नवनिर्माण का यह स्वर्णिम काल है। उन्होंने नक्सल हिंसा के कारण बंद पड़े स्कूलों को फिर शुरू करने, ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने, 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच कर हेल्थ प्रोफाइल तैयार करने और 10 लाख लोगों की आय बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरक्षा कैंप अब सेवा डेरा कैंप में बदल रहे हैं। सौर ऊर्जा के जरिए 461 गांवों को जोड़ा जा रहा है, गांव-गांव तक सड़कों का विस्तार हो रहा है और मुख्यमंत्री बस सेवा की पहुंच बस्तर तक बढ़ाई जा रही है।
किसानों के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता हमारे भाग्यविधाता हैं और किसानों के जीवन में तरक्की लाना सरकार का उद्देश्य है। कृषि उन्नति योजना के तहत किसानों को एकमुश्त राशि दी जा रही है। प्रदेश में खाद संकट उत्पन्न नहीं होने दिया गया है। उन्होंने कहा कि पानी की हर बूंद बचाने के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं, सिंचाई का दायरा बढ़ाया जा रहा है और बंद पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को फिर शुरू किया जाएगा। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपये पारिश्रमिक दिए जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
24.50 लाख घर स्वीकृत, 73 लाख परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न
मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रदेश के 73 लाख परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं और प्रदेश की 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। 56 हजार पीवीजीटी परिवारों को योजना का लाभ पहुंचाया गया है। पेसा कानून के क्रियान्वयन के लिए टास्क फोर्स गठित करने और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 2026 लाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।
युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया जारी है और युवाओं को रोजगार देना सरकार का संकल्प है। प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। नीट सहित अन्य परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से मदद दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 30 आईटीआई का उन्नयन किया जाएगा, रोजगार मेलों का आयोजन होगा और युवाओं के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है। जेल प्रहरी भर्ती में अग्निवीरों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की भी घोषणा की गई।
AI मिशन और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी वर्ष पांच मेडिकल कॉलेज शुरू किए जाएंगे। प्रदेश में 500 करोड़ रुपये के एआई मिशन की शुरुआत होगी और करीब डेढ़ लाख कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयुष्मान योजना के तहत मेडिसिटी विकसित करने की योजना है। संजीवनी और महतारी योजनाओं के जरिए लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
निवेश और रोजगार को लेकर बड़े दावे
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर कनेक्ट के आयोजन से 1 लाख 74 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। नवा रायपुर में गारमेंट टेक्सटाइल शुरू होने से 46 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक पार्क और नवा रायपुर में फर्नीचर पार्क विकसित करने की योजना है। एनर्जी समिट से 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी भी उन्होंने दी। उन्होंने बताया कि 12 लाख उपभोक्ताओं का 9 करोड़ 10 लाख रुपये का बिजली बिल माफ किया गया है। सूर्यघर योजना के जरिए लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूती मिल रही है।
कनेक्टिविटी और पर्यावरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतमाला परियोजना से छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। रावघाट परियोजना से प्रदेश के विस्तार को गति मिलेगी। फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन शुरू करने की तैयारी है। प्रदेश में 829 मोबाइल टावर स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे गांव-गांव हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
152 पुलिस अधिकारियों-जवानों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्कृष्ट कार्य के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के 152 अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया। इनमें 141 जवानों को वीरता पदक, 10 पुलिस अधिकारियों-जवानों को सराहनीय सेवा पदक और एक पुलिस अधिकारी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के वीर जवानों के साहस और बलिदान को पूरा देश नमन कर रहा है।
डॉ. तीजन बाई की स्मृति में लोककला सम्मान
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक कलाकार स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की स्मृति में हर वर्ष लोक कलाकारों को ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ सम्मान देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने और कलाकारों को सम्मान देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर वर्ग तक विकास पहुंचाना है। गांव, किसान, महिला, युवा, आदिवासी, कर्मचारी और समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।