नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण तबाही मच गई है। बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी हैं, जबकि कई लापता हैं। इस बीच मध्य प्रदेश के डिंडौरी से पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए गए 7 यात्री फंस गए है। जिन्होंने एमपी और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
भूस्खलन के चलते रोड बह गई
जानकारी के मुताबिक डिंडौरी जिले के मेंहदवानी इलाके के कठौतिया वसरसी गांव के कुल 7 लोग अपने स्वयं के वाहन से नेपाल काठमांडू में पशुपतिनाथ के दर्शन करने के लिए गए हुए हैं। यह लोग 24 सितंबर को यात्रा के लिए गए थे। वहीं अचानक 26 सितंबर को काठमांडू के पास नदी में तेज बारिश की वजह से बाढ़ और भूस्खलन के चलते रोड बह गई। जिससे सैकड़ों वाहन एवं पर्यटक वहां फंस गए।
भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई है
नेपाल आर्मी की मदद से हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन्हें घटनास्थल से अस्पताल तक पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। वहीं उन्हें भारतीय दूतावास कार्यालय के पास पहुंचाया गया। पीड़ित लोगों ने भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई है। लेकिन उन्हें अभी तक कोई सहायता नहीं मिली है। प्राकृतिक आपदा में फंसे लोगों ने बताया कि वह अभी भी काठमांडू में हैं, भारत जाने के लिए उनके पास कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं उनकी गाड़ी भी नदी के तेज बाढ़ और भूस्खलन वाले क्षेत्र में फंसी हुई है। पीड़ितों ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
Comments (0)