लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस के लिए आज बड़ा दिन है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज मध्य प्रदेश में आखिरी दिन है। न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी बड़नगर में रोड-शो, के साथ बदनावर, सैलाना और रतलाम में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद न्याय यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी।
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम
राहुल गांधी आज बड़नगर रास्ते पर गजानंद नगरी में युवाओं के अधिकारो को लेकर आमसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा धार जिले में कांग्रेस नेता की न्याय यात्रा बदनावर विधानसभा में पहुंचेगी। राहुल गांधी यहां पर रोड शो करेंगे। इस यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसमें 550 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। दोपहर 3 बजे रतलाम में यात्रा प्रवेश करेगी जबकि 4 बजे सैलाना में यात्रा प्रवेश करेगी।
रतलाम लोकसभा सीट एसटी के लिए रिजर्व
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के द्वारा राहुल गांधी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। बता दें कि धार लोकसभा सीट रिजर्व है। कांग्रेस 2009 में यहां आखिरी चुनाव जीता था। जबकि 2014 में यहां से सावित्री ठाकुर और 2019 में छतर सिंह दरबार ने जीत हासिल की थी। ऐसे में इस सीट पर कांग्रेस राहुल गांधी की न्याय यात्रा के जरिए सेंधमारी की कोशिश करेगी। वहीं रतलाम लोकसभा सीट एसटी के लिए रिजर्व है। इस सीट पर बीजेपी ने अपना कब्जा जमा रखा है। यहां पर वापसी करने की कोशिश करने के इरादे कांग्रेस की न्याय यात्रा आज जिले में पहुंचेगी। रतलाम के बाद यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी।
Comments (0)