मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य को मंजूरी मिल गई है।
11.62 करोड़ रुपये से दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी बिजली
लगभग 11.62 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत इस परियोजना के माध्यम से सूरजपुर जिले के दूरस्थ गांवों और मोहल्लों तक बिजली सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इस योजना से हजारों ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलेगा और लंबे समय से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित क्षेत्रों को राहत मिलेगी।
तीन विकासखंडों के 97 गांव होंगे लाभान्वित
राज्य शासन के अनुसार, विकासखंड भैयाथान के 36 गांवों के 109 मोहल्लों एवं पारों, विकासखंड ओड़गी के 32 गांवों के 68 मोहल्लों तथा विकासखंड सूरजपुर के 29 गांवों के 53 मोहल्लों में विद्युत विस्तार कार्य किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद इन क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता बेहतर होगी।
शिक्षा, कृषि और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
यह परियोजना विशेष रूप से उन ग्रामीण और जनजातीय बस्तियों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां अब तक पर्याप्त विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। बिजली पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, कृषि आधारित गतिविधियों और ग्रामीण स्वरोजगार को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद है।
'विकास की रोशनी अंतिम छोर तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य'
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृति भटगांव विधानसभा के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।