छत्तीसगढ़ की केंद्रीय जेल बिलासपुर में कैदियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। जेल महानिदेशक (DG जेल) हिमांशु गुप्ता ने केंद्रीय जेल बिलासपुर का औचक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैदियों के रहन-सहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।
डीजी जेल ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से जेल की वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधारों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेलों का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि कैदियों को सुधार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना भी है।
जेल उद्योग को मिलेगा बढ़ावा, नई मशीनों की मंजूरी
केंद्रीय जेल बिलासपुर में संचालित जेल उद्योग को मजबूत करने के लिए कई नई सुविधाओं को मंजूरी दी गई है। इसके तहत कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन लगाने की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा एलईडी बल्ब और ट्यूबलाइट निर्माण के लिए मशीन सेटअप उपलब्ध कराया जाएगा। इससे जेल में बंद कैदियों को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी। जेल उद्योग के माध्यम से कैदी काम सीखकर भविष्य में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
शिक्षा व्यवस्था होगी आधुनिक, स्मार्ट बोर्ड से पढ़ेंगे कैदी
डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने जेल में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कैदियों की पढ़ाई को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने की मंजूरी दी है।इसके साथ ही जेल लाइब्रेरी को भी बेहतर बनाया जाएगा।इस पहल का उद्देश्य कैदियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
पेयजल और भोजन व्यवस्था में होगा सुधार
निरीक्षण के दौरान कैदियों की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेयजल और भोजन व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।केंद्रीय जेल बिलासपुर में 20 आरओ वाटर प्यूरीफायर लगाने की मंजूरी दी गई है, जिससे कैदियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।महिला जेल में बेहतर सुविधा के लिए इन्वर्टर की व्यवस्था को भी मंजूरी दी गई है।
डीजी जेल ने कैदियों से किया संवाद, सुनी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने कैदियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कैदियों से जेल में मिल रही सुविधाओं और आने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली।कैदियों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कैदियों को नियमों के अनुसार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की समस्या को गंभीरता से लिया जाए।
कैदियों को दी अंग्रेजी सीखने की सलाह
डीजी जेल ने निरीक्षण के दौरान कैदियों की अंग्रेजी कक्षा भी ली। उन्होंने कैदियों को अंग्रेजी भाषा सीखने के महत्व के बारे में बताया और इसे बेहतर भविष्य के लिए उपयोगी बताया।उन्होंने अंग्रेजी सीखने के लिए जरूरी टिप्स भी दिए और कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। जेल में रहते हुए नई चीजें सीखना कैदियों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।