रायपुर- छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के ऊपर बने मौसम सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। हालांकि 31 जुलाई से बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना जताई गई है।
24 घंटे में कई जिलों में झमाझम बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर संभाग में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सरगुजा, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी वर्षा हुई। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
चार दिन बाद मिले दंपती के शव
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लाट नाले में बह गए दंपती के शव चार दिन बाद बरामद किए गए। 26 जुलाई को दोनों कार से उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी तेज बहाव में बह गए थे। बुधवार को घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर चिखली गांव के पास उनकी कार मिली, जिसके अंदर दोनों के शव मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
गरियाबंद और सक्ती में भी हादसे
गरियाबंद जिले में उफनते सरगी नाले को पार करते समय 55 वर्षीय थनवार यादव तेज बहाव में बह गए। उनका शव करीब पांच किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास बरामद हुआ। वहीं, सक्ती जिले के दमाऊधारा झरने में बह गए दुर्ग-भिलाई निवासी 20 वर्षीय प्रतीक कंवर का शव भी करीब 24 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला।
मौसम विभाग की चेतावनी, सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज दिनभर घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।