छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। कोरबा के बांगो बांध का जलस्तर 92.48% पहुंचने के बाद 10 गेट खोल दिए गए हैं। करीब 70 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते आसपास के 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।
बांगो बांध के 10 गेट खोले गए
कोरबा में लगातार बारिश के कारण मिनीमाता बांगो बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ी है। बांध का जलस्तर 92.48 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद प्रशासन ने 10 गेट खोलकर करीब 70 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा है।प्रशासन की ओर से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पहले 5 गेट खोले गए थे
भारी बारिश के बीच 15 अगस्त को बांगो बांध के पांच गेट खोले गए थे। उस समय करीब 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा था।बांध में पानी की आवक और जलस्तर बढ़ने के साथ गेटों की संख्या बढ़ाकर अब 10 कर दी गई है। इससे नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी है।
35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट
बांगो बांध के गेट खुलने के बाद कोरबा जिले के 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने इन गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है।लोगों से नदी, नालों और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।
कोटाडोल में 130 MM बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोटाडोल में सबसे ज्यादा 130 MM बारिश रिकॉर्ड हुई।इसके अलावा शंकरगढ़ और पोड़ी-उपरोड़ा में 110-110 MM, सन्ना, दौरा कोचली और रघुनाथनगर में 80-80 MM तथा जनकपुर-भरतपुर में 70 MM बारिश दर्ज की गई।बलरामपुर, वाड्रफनगर, चलगली और सामरी में 60-60 MM बारिश हुई। कोरबा समेत कई इलाकों में 50 MM तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले 4-5 दिन भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।16 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा।
17 से 20 अगस्त तक भी अलर्ट
17 अगस्त को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।18 अगस्त को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं 19 और 20 अगस्त को भी कई स्थानों पर बारिश तथा कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
सीजन में अब तक 9% कम बारिश
छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के बावजूद इस सीजन में अब तक बारिश सामान्य से करीब 9 प्रतिशत कम हुई है। आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से इस कमी में कुछ सुधार की उम्मीद है।हालांकि बांधों और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।