छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। प्रदेश की विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करने वाले कुल 156 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। सूची जारी होने के बाद कई खिलाड़ी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के निवास पहुंचे। मंत्री अरुण साव ने इन खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों की जानकारी ली और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ये खिलाड़ी प्रदेश की 20 अलग-अलग खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता साफ
उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी होने के बाद अब इन खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता साफ होने की उम्मीद है। खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में खेल कोटे के तहत लाभ मिल सकेगा।
इस फैसले को प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे।
खेल मंत्री अरुण साव ने दी बधाई
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार के इस कदम से खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने सभी उत्कृष्ट खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश सरकार के इस फैसले से उन खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।