रायपुर: स्वतंत्रता दिवस का अवसर छत्तीसगढ़ पुलिस बल के लिए खास होने जा रहा है। 15 अगस्त को राज्य के 19 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट, विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में आयोजित मुख्य राज्यस्तरीय समारोह में पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान करेंगे।
11 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक पाने वालों में बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग, रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह, रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और एटीएस एसपी राजश्री मिश्रा शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय रायपुर से विशा, 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़ की सेनानी निवेदिता पाल, 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद की सेनानी मनीषा ठाकुर रावटे, सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, पीएचक्यू की एएसपी उनैजा खातून अंसारी, भिलाई प्रथम वाहिनी के सहायक सेनानी जयलाल मरकाम और 20वीं वाहिनी के प्लाटून कमांडर हजारी लाल साहू को भी सम्मानित किया जाएगा।
रामावतार सिंह राजपूत को विशिष्ट सेवा के लिए पदक
रामावतार सिंह राजपूत को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं SDRF रायपुर के जागेश्वर कुमार धीवर और नगर सैनिक उत्तम कुमार साहू को आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए गृहरक्षक एवं नागरिक सुरक्षा सेवा पदक दिया जाएगा।
रायपुर में फुल ड्रेस रिहर्सल, 17 टुकड़ियां देंगी सलामी
इधर, राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जा रही है। मुख्य समारोह में कुल 17 टुकड़ियां सलामी देंगी। परेड में BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB के साथ बिहार पुलिस की टुकड़ी भी शामिल होगी। छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के अलावा जेल पुलिस, होम गार्ड और NCC की यूनिट भी परेड का हिस्सा रहेंगी।
माउंटेड यूनिट और डॉग स्क्वाड होंगे आकर्षण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में माउंटेड यूनिट और डॉग स्क्वाड विशेष प्रदर्शन करेंगे। परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे, जबकि निशांत कुमार कुर्रे 2IC की भूमिका में रहेंगे। 15 अगस्त को होने वाला यह समारोह छत्तीसगढ़ पुलिस के उन अधिकारियों और जवानों के समर्पण, साहस और सेवा भावना को सम्मान देने का अवसर होगा, जिन्होंने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में उल्लेखनीय योगदान दिया है।