रायपुर- छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार (3 अगस्त) और अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर स्थित बांसाझाल पुल का एक हिस्सा टूट गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
पुल टूटा, बीच में फंसी बस
भारी बारिश के कारण बांसाझाल स्थित पुल दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच पुल पर ही फंस गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक, मनेंद्रगढ़ तथा मध्य प्रदेश के जबलपुर और शहडोल से सीधा सड़क संपर्क फिलहाल बाधित हो गया है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
अब तक सामान्य से केवल 5% कम बारिश
1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से सिर्फ 5 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है। जुलाई के अंत तक मानसून की स्थिति बेहतर होने से खरीफ फसलों को राहत मिली है।
रायपुर समेत इन जिलों का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
रायपुर अधिकतम तापमान: 34°C
न्यूनतम तापमान: 26°C
प्रदेश में रविवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34°C दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.4°C रिकॉर्ड हुआ।
धान की फसल के लिए अहम है अगस्त
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, अगस्त का महीना धान समेत खरीफ फसलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि इस महीने अच्छी बारिश होती है तो फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा। मौसम विभाग का मानना है कि मध्य भारत में मानसूनी गतिविधियां बनी रहने से छत्तीसगढ़ में भी कृषि के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं।