छत्तीसगढ़: प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिलहाल थोड़ी कमजोर हुई हैं, लेकिन मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रह सकती हैं, लेकिन इसके बाद एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। इस बीच बिलासपुर में बारिश के बाद अरपा नदी का जलस्तर बढ़ने से निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
आज कई इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम है। हालांकि राज्य स्तर पर मौसम विभाग बारिश को सामान्य श्रेणी में मान रहा है।
बिलासपुर में बारिश के बाद बढ़ी परेशानी
बिलासपुर में सोमवार शाम हुई बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश के साथ अरपा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। पिछले दिनों हुई तेज बारिश के कारण पहले से ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी थी। अब दोबारा पानी बढ़ने से निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की टीम जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए है। नदी और निचले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
नरहरा वाटरफॉल में तेज बहाव में बहे दो युवक
धमतरी जिले के नरहरा वाटरफॉल में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां झरने में नहाने के दौरान दो युवक अचानक पानी के तेज बहाव में बह गए। दोनों करीब 50 फीट तक पानी के साथ बहते चले गए। गनीमत रही कि वाटरफॉल में लगी रेलिंग की मदद से दोनों युवक खुद को संभालने में कामयाब रहे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बौछारों की संभावना
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश में अब तक 650.9 मिमी बारिश
छत्तीसगढ़ में मानसून की स्थिति अलग-अलग जिलों में अलग बनी हुई है। प्रदेश में अब तक कुल 650.9 मिमी यानी करीब 25.6 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 686.6 मिमी यानी करीब 27 इंच है। इस हिसाब से प्रदेश में बारिश करीब 5 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद राज्य स्तर पर मानसून की स्थिति सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
अगले तीन दिन राहत, फिर बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रह सकती हैं। इसके बाद मानसून फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। ऐसे में नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम के बदलाव पर नजर रखने की जरूरत है।