रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का अनुमान जताया है। आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
आज कई इलाकों में बारिश, कुछ जगह भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में चार दिन सक्रिय रहेगा मानसून
अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने का अनुमान है। यहां अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बिलासपुर में हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव और आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति भी बन सकती है।
जगदलपुर और दुर्ग में सबसे ज्यादा तापमान
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर और दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अब तक 650.9 मिमी बारिश, सामान्य से 5% कम
छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 650.9 मिमी यानी करीब 25.6 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 686.6 मिमी यानी करीब 27 इंच है। इस हिसाब से प्रदेश में बारिश सामान्य से 5% कम है, हालांकि मौसम विभाग की श्रेणी में इसे सामान्य माना गया है।