मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
तिरंगा भारतीयों के राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। तिरंगे को देखते ही प्रत्येक भारतीय का मन गर्व और राष्ट्रप्रेम से भर उठता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय गौरव है।
हर घर तिरंगा बना व्यापक जनआंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने की पहल की है। आज यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। गांव से शहर तक घर-घर में लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के समर्पण को दर्शाता है।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूरे सम्मान और गौरव के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगे को नमन करते हुए उन स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए, जिनके संघर्ष और बलिदान से देश को स्वतंत्रता मिली।
छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की धरती ने अनेक वीर सपूतों को जन्म दिया, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जनजातीय नायक का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रदेश के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष भी हमारी गौरवशाली विरासत है।
नई पीढ़ी को इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ रहा अभियान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। जब बच्चे और युवा अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं, तो उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना और मजबूत होती है।
विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता हमारे पूर्वजों के असंख्य बलिदानों से प्राप्त हुई है और अब इस स्वतंत्रता को सशक्त एवं सार्थक बनाना सभी नागरिकों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगे की छांव में सभी भारतीय हैं और राष्ट्रहित सर्वोपरि है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी राष्ट्रीय चेतना को और मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घर-घर तिरंगा फहराने और एकजुट होकर विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।