मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। बुधनी में 20 तो वहीं विजयपुर में 11 प्रत्याशियों की किस्मत आज EVM में कैद होगी। इन दोनों सीटों पर कुल 5 लाख से अधिक मतदाता है। बुधनी में भाजपा से रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के राजकुमार पटेल प्रत्याशी हैं। वहीं विजयपुर में बीजेपी ने मंत्री रामनिवास रावत और कांग्रेस ने मुकेश मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया है।
बुधनी में 363 मतदान केंद्र
एमपी की दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। सीहोर जिले की बुधनी में उपचुनाव के लिए 363 मतदान केंद्र बनाए गए है। बुधनी विधानसभा में कुल 2,76,397 मतदाता हैं। जिनमें 1,43,111 पुरुष, 1,33,280 महिला, 06 अन्य और 194 सर्विस मतदाता हैं। यहां 1597 मतदान कर्मी चुनाव में तैनात किए गए है। इसके साथ ही 45 सेक्टर ऑफिसर/कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, 45 सेक्टर अधिकारी पुलिस और 05 फ्लाइंग स्कवॉड दल बनाए गए हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान परिवार सहित अपने पैतृक गांव जैत में मतदान करेंगे। सुबह 8.30 बजे आदर्श मतदान केंद्र जैत में वोटिंग करेंगे।
विजयपुर में 327 पोलिंग बूथ
विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 54 हजार 714 मतदाता अपने मताधिकार उपयोग करेंगे। जिनमें 1 लाख 33 हजार 581 पुरुष और 1 लाख 21 हजार 131 महिला वोटर है। यहां कुल मतदान केंद्रों की संख्या 327 है। जिसमें 15 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्र में और 312 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में है। इनमें 164 क्रिटिकल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पुलिस फोर्स की विशेष व्यवस्था की गई है। एमपी उपचुनाव में 2000 से अधिक पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। एसएएफ की 7 कंपनियां भी लगाई गई है।