दुर्ग : शहर में नामी ब्रांड की नकली सिगरेट बेचने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में कार्रवाई करते हुए ITC Limited के Gold Flake Premium ब्रांड के नाम से तैयार की गई 18,000 नकली सिगरेट जब्त की हैं। जब्त सिगरेट और संबंधित सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपये आंकी गई है।
ITC अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
ITC Limited के अधिकारी ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में नकली उत्पाद बेचे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में जांच की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया Gold Flake Premium ब्रांड के नाम, पैकेजिंग और पहचान से मिलते-जुलते नकली सिगरेट उत्पादों का विक्रय किया जाना पाया गया।
असली उत्पाद जैसी पैकिंग कर बेच रहे थे नकली सिगरेट
पुलिस के अनुसार आरोपी वास्तविक उत्पाद से मिलती-जुलती पैकिंग और ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेच रहे थे। आरोपियों द्वारा निजी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से नकली उत्पादों को बाजार में खपाया जा रहा था। इससे ग्राहकों में वास्तविक उत्पाद को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा होने के साथ कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचने की स्थिति बन रही थी।
18 हजार नकली Gold Flake Premium सिगरेट जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान Gold Flake Premium नाम से अंकित कुल 18,000 सिगरेट बरामद की। जब्त सामग्री में 24 बंडल ऐसे मिले, जिनमें प्रत्येक बंडल में 50 पैकेट और प्रत्येक पैकेट में 10 सिगरेट थीं। इन 12,000 सिगरेट की अनुमानित कीमत 1 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं, दूसरे प्रकार के उत्पाद में Gold Flake Premium नाम से अंकित 12 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में 50 पैकेट और प्रत्येक पैकेट में 10 सिगरेट थीं। इस तरह कुल 6,000 सिगरेट बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 69 हजार रुपये है।
पैकेट पर MRP 115 रुपये और QR नंबर भी अंकित
पुलिस जांच में दोनों प्रकार के उत्पादों के पैकेट पर MRP 115 रुपये अंकित पाया गया। इसके अलावा पैकेट पर QR नंबर 8901725176518 भी दर्ज था। पुलिस ने नकली उत्पादों के साथ संबंधित पैकेजिंग सामग्री को भी जब्त कर लिया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
मामले में पुलिस ने विशाल जसवानी, निवासी गुरुनानक नगर, सत्यम बेकरी गली, दुर्ग और निखिल सिहानी, निवासी सदानी नगर, सिंधी कॉलोनी, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
BNS और कॉपीराइट एक्ट के तहत अपराध दर्ज
प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) BNS एवं धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम, 1957 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना प्राप्त होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कार्रवाई के दौरान नकली सिगरेट की जब्ती के साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में विवेचना जारी है।