देश के ख्याति प्राप्त संत सियाराम बाबा का आज सुबह देवलोक गमन हो गया। उन्होंने सुबह 6 बजे भट्टयान बुजुर्ग आश्रम में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थे। बाबा हनुमान जी के परम भक्त थे और हमेशा रामायण का पाठ करते थे। बाबा के निधन से प्रदेश में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार शाम 4 बजे भट्टयान के तट पर किया जाएगा।
कौन थे संत सियाराम बाबा
दरअसल, संत सियाराम बाबा मध्य प्रदेश के खरगोन में नर्मदा नदी के किनारे स्थित भट्टयान आश्रम के संत थे और यहीं रहते थे। बाबा की वास्तविक उम्र कोई नहीं जानता। कुछ लोग कहते हैं कि बाबा 130 साल के थे, जबकि कुछ कहते हैं कि वे 110 साल के थे। चमत्कार यह है कि इस उम्र में भी संत सियाराम बाबा बिना चश्मे के रोजाना 17 से 18 घंटे रामायण का पाठ करते थे। कहा जाता है कि इतनी उम्र होने के बावजूद वे अपना सारा काम खुद ही करते थे और अपना खाना भी खुद ही बनाते थे।
दान में सिर्फ 10 रुपये
देश-विदेश से भक्त बाबा के दर्शन के लिए आते थे. सबसे खास बात यह है कि यह बाबा अपने भक्तों से दान के रूप में सिर्फ 10 रुपये लेते थे। अगर कोई भक्त 10 रुपये से ज्यादा दान करता तो वे उससे 10 रुपये लेकर बाकी पैसे लौटा देते थे। कहा जाता है कि संत सियाराम बाबा ने नर्मदा नदी के घाट की मरम्मत के लिए करीब 2 करोड़ 57 लाख रुपये दान किए थे।
सीएम करने वाले थे मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए जाने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही उनके देवलोक गमन हो गया। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। हाल ही में उनके देवलोकगमन की अफवाह उड़ी थी। जिससे उनके भक्त परेशान हो गए थे।