मध्यप्रदेश बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को लेकर चल रही अफवाहों के बीच आगर-मालवा जिले में प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर में माता के दर्शन और विशेष हवन अनुष्ठान के लिए पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल (Kamal Patel) ने परिवर्तन की बात को कोरी अफवाह करार देते हुए कहा कि, आगामी चुनाव शिवराज सिंह और वीडी शर्मा के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस हिदुत्व विरोधी और देश विरोधी है: कमल पटेल
कृषि मंत्री कमल पटेल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और कांग्रेस हमेशा हिदुत्व विरोधी और देश विरोधी है। वहीं आगे दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि, पहले अपने गिरेबान में झांको, तुम देशभक्तों को देशद्रोही कह रहे हो। आतंकवाद भ्रष्टाचार और अलगाववाद की जननी कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि, दिग्विजय सिंह जहाँ-जहाँ जाएंगे वहां-वहां कांग्रेस का सफाया होगा।
नए संसद भवन के लोकार्पण पर कांग्रेस को घेरा
देश के नवीन संसद भवन के उद्घाटन के कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध को लेकर भी कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में विधानसभा भवन का उद्घाटन हुआ तब सोनिया गांधी और राहुल गांधी मुख्य अतिथि बने थे, जबकि ये कुछ नहीं थे केवल सांसद थे, जबकि प्रधानमंत्री जो देश का गौरव है, वो संसद भवन का लोकार्पण करते है तो इन्हें तकलीफ है।
नेतृत्व परिवर्तन को बताया अफवाह
प्रदेश में शीर्ष नेतृत्व बदलने को लेकर उन्होंने कहा कि, यह केवल अफवाहें है, अफवाहों पर विश्वास मत कीजिये। आगामी चुनाव शिवराज सिंह व वीडी शर्मा के नेतृत्व में हम चुनाव लड़कर 200 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। कृषि मंत्री कमल पटेल आज सड़क मार्ग से अचानक नलखेड़ा पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मन्दिर में दर्शन पुजन कर माता के मन्दिर में विशेष महत्व वाला हवन अनुष्ठान भी किया। जिसमे उन्होंने हनुमान मुद्रा सहित अन्य तरीकों से हवन में विशेष आहुतियां भी दी।
Comments (0)