भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आईपीएस सर्विस मीट 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में बीते 12 वर्षों से डीएसपी, एडिशनल एसपी स्तर पर प्रमोशन नहीं हो पाए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ने प्रमोशन का रास्ता निकाल लिया है और जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक खबर सामने आएगी।
सिंहस्थ 2028 के लिए पुलिस बल जरूरी
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 7,500 पुलिस कर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने ड्राइवर पदों की भर्ती का प्रस्ताव भी शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। डीजीपी ने कहा कि प्रदेश को पिछले वर्ष नक्सल मुक्त बनाने में पुलिस को सफलता मिली है, लेकिन उज्जैन सिंहस्थ 2028 एक बड़ी चुनौती होगा। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की आवश्यकता होगी।
एक सप्ताह में भेजा जाएगा भर्ती प्रस्ताव
डीजीपी ने बताया कि कुछ कैडर में आठ साल बाद भर्ती होने जा रही है, जिसमें सब इंस्पेक्टर, सूबेदार, स्टेनो और एएसआई जैसे प्रमुख पद शामिल हैं। पुलिस विभाग द्वारा बल की आवश्यकता का आकलन कर एक सप्ताह के भीतर भर्ती प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
Comments (0)