Kiran Singh Deo Accident News: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बुधवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना NH-44 पर झांसी और ललितपुर के बीच तालबेहट के पास हुई, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि वे बागेश्वर धाम से दर्शन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें छत्तीसगढ़ लाने के लिए विशेष विमान भेजने का निर्णय लिया है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव बागेश्वर धाम से दर्शन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान NH-44 पर तालबेहट के पास सामने चल रहे वाहन ने अचानक कट मार दिया। ड्राइवर ने टक्कर से बचने के लिए कार मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कमर में चोट, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
हादसे के बाद किरण सिंह देव को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक उन्हें कमर में चोट लगी है, जिससे चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। शुरुआती जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
काफिले की अन्य गाड़ियां रहीं सुरक्षित
हादसे के समय किरण सिंह देव के काफिले की अन्य गाड़ियां पीछे चल रही थीं। इस दुर्घटना में पीएसओ, पीए और ड्राइवर को भी हल्की चोटें आई हैं, जबकि बाकी वाहन और उनमें सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भेजा विशेष विमान
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों से जानकारी ली। बताया गया है कि किरण सिंह देव को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ लाने हेतु मुख्यमंत्री ने विशेष विमान भेजने का निर्णय लिया है।
हादसे को लेकर क्या जानकारी सामने आई?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार-
कार की रफ्तार लगभग 70–80 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।
सामने चल रहे वाहन के अचानक कट मारने के बाद हादसा हुआ।
बचाव के प्रयास में कार खड़े ट्रक से टकरा गई।
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।