कुलगाम - जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाकर हमला कर दिया, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस हमले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
मजदूरों पर आतंकियों ने की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक कुलगाम में काम कर रहे छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों पर आतंकियों ने गोलीबारी की। हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
CM विष्णुदेव साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की मृत्यु और दूसरे के घायल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि घायल मजदूर का समुचित इलाज कराया जा रहा है और राज्य सरकार ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत कर आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घायल मजदूर के बेहतर इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। संदिग्ध आतंकियों की तलाश के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हमले के जिम्मेदार आतंकियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।