रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 3 नवंबर को राज्योत्सव समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये ट्रांसफर करेंगे। त्योहार के बीच महिलाओं के खातों में राशि आने से उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी।
अमित शाह महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे 632 करोड़ रुपये
महतारी वंदन योजना की नवंबर महीने की किस्त 3 नवंबर को जारी की जाएगी। राज्योत्सव समारोह के मुख्य मंच से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी।इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
67.40 लाख महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ
इस बार महतारी वंदन योजना के तहत कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं को लाभ दिया जाएगा।इनमें 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। वहीं, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलेगा।
कुछ महिलाओं को मिलेगी 13वीं, बाकी को 33वीं किस्त
इस बार किस्त वितरण में खास बात यह है कि नियद नेल्ला नार क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त की राशि दी जाएगी।वहीं, अन्य पात्र महिला हितग्राहियों के खातों में नवंबर महीने की 33वीं किस्त ट्रांसफर की जाएगी।
अब तक महिलाओं को मिल चुके हैं 20,717 करोड़ रुपये
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।33वीं किस्त जारी होने के बाद यह राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी।
3 नवंबर को राज्योत्सव में होगा राशि का वितरण
राज्य सरकार की ओर से 3 नवंबर को आयोजित राज्योत्सव समारोह में महतारी वंदन योजना की किस्त जारी करने की तैयारी की गई है। इस कार्यक्रम के जरिए लाखों महिलाओं के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचेगी।