धमतरी - छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने और आम जनता से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए हैं। आपको बता दें कि, धमतरी कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड और भूमि डायवर्सन जैसे महत्वपूर्ण मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान मंत्री वर्मा ने कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।
जनहित की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर जोर
आपको बता दें कि, इस बैठक में मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी परेशानी के पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की सलाह दी। इस दौरान मंत्री ने हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। उन्होंने 5 लोगों को स्वामित्व कार्ड और 5 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए।
बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा
वहीं मानसून को देखते हुए मंत्री वर्मा ने जिले में संभावित बाढ़ और आपदा की स्थिति से निपटने की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके लिए जरूरी संसाधनों और त्वरित राहत व्यवस्था को पहले से मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों में समय पर मिले किताबें, गणवेश और साइकिल
समीक्षा बैठक में मंत्री ने शिक्षा विभाग के कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, स्कूल यूनिफॉर्म और साइकिल का वितरण समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सुविधाओं की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि मानसून और बोआई के समय किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसान समय पर खेती का काम पूरा कर सकें।
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से आयुष्मान भारत योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों से जवाबदेही के साथ काम करने की अपील
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता को बेहतर और आसान सेवाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और लंबित मामलों का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।