राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बार फिर कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान शेख रेहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके से पकड़ा है, जहां वह लंबे समय से किराये के मकान में रह रहा था।
वर्ष 2000 में माता-पिता के साथ आया था रायपुर
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शेख रेहान वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। इसके बाद वह राजधानी के संजय नगर क्षेत्र में रहने लगा और मोटर मैकेनिक के रूप में काम कर रहा था।
भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद
पुलिस के अनुसार, शेख रेहान के पास से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में इन दस्तावेजों के फर्जी तरीके से तैयार कराए जाने की आशंका सामने आई है। पुलिस अब दस्तावेजों की वैधता और इन्हें बनवाने में मदद करने वाले लोगों या नेटवर्क की जांच कर रही है।
भारतीय पासपोर्ट से बांग्लादेश जाने का दावा
पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित तौर पर जानकारी मिली है कि शेख रेहान ने भारतीय पासपोर्ट के जरिए 4 से 5 बार बांग्लादेश की यात्रा की। अब पुलिस इन यात्राओं से जुड़े रिकॉर्ड, यात्रा की तारीखों और उनके उद्देश्य की जानकारी जुटा रही है।
पार्वतीपुर का मूल निवासी होने की जानकारी
जांच में शेख रेहान के मूल रूप से बांग्लादेश के पार्वतीपुर का रहने वाला होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके भारत आने, यहां रहने और भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज हासिल करने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।
डिटेंशन सेंटर में रखने के बाद डिपोर्टेशन की तैयारी
पुलिस के मुताबिक जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेख रेहान को डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा। इसके बाद उसे BSF के माध्यम से बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।