राजधानी रायपुर में एक 23 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शनिवार देर रात सरोना इलाके में काम की तलाश में बैठी महिला को तीन युवक अपने साथ ले गए और उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में भी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में दो बालिग आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
सरोना शराब भट्ठी के पास हुई पहली वारदात
पुलिस के मुताबिक, महिला शनिवार देर रात सरोना शराब भट्ठी के पास काम की तलाश में बैठी थी। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और उससे बातचीत करने लगे। आरोप है कि तीनों ने वहां शराब पी और महिला को भी शराब पिलाई। इसके बाद तीनों ने महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
खाना खिलाने के बहाने बाइक से ले गए
आरोप है कि पहली वारदात के बाद तीनों युवकों ने महिला को यह कहकर बहलाया कि इलाका ठीक नहीं है और उसे खाना खिलाने के बहाने अपने साथ ले गए। आरोपी महिला को बाइक से आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में लेकर पहुंचे।
स्कूल मैदान में दोबारा वारदात का आरोप
स्कूल मैदान में पहुंचने के बाद आरोपियों ने महिला के साथ बैठकर खाना खाया और उसे दोबारा शराब पिलाई। आरोप है कि खाना खाने के बाद तीनों ने फिर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
सुबह बेहोशी की हालत में मिली महिला
रविवार सुबह स्कूल के चौकीदार ने मैदान में एक महिला को बेहोशी की हालत में देखा। उसने तत्काल आजाद चौक थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने सरोना से लेकर आमापारा क्षेत्र तक लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और देर शाम तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता मूल रूप से बिलासपुर की रहने वाली
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बिलासपुर के चकरभाठा इलाके की रहने वाली है। करीब तीन साल पहले वह घर से चली गई थी और महासमुंद जिले के बागबहारा क्षेत्र के एक युवक से शादी की थी। महिला के मुताबिक, उसका पति उसे काम के सिलसिले में ओडिशा ले गया था और बाद में कटक में छोड़कर फरार हो गया।
दो महीने पहले रायपुर आई थी महिला
बताया गया है कि महिला करीब दो महीने पहले रायपुर आई थी। यहां वह छेरीखेड़ी स्थित एक शादी हॉल में मजदूरी का काम कर रही थी। काम खत्म होने के बाद उसे वहां से हटा दिया गया, जिसके बाद वह रायपुर में लगातार नए काम की तलाश कर रही थी।
आजाद चौक पुलिस ने जीरो पर FIR दर्ज की
घटना के बाद आजाद चौक थाना पुलिस ने जीरो पर गैंगरेप की धाराओं में FIR दर्ज की। इसके बाद मामले को जांच के लिए डीडी नगर थाना पुलिस को ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने रायपुर निवासी शिवा, आयुष दुर्गा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस सनसनीखेज मामले में पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से अब तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।