राजधानी रायपुर में गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त के साथ देखकर एक युवक का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने दोनों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कार आगे बढ़ गई और युवक कार से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।
कार करीब 200 मीटर तक चलने का दावा
जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान युवक कार के बोनट पर चढ़ गया था। इसके बाद कार चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। बताया जा रहा है कि कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में
मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। परमप्रीत सिंह कारोबारी था। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
3-4 साल से युवती से थी जान-पहचान
पुलिस जांच में सामने आया है कि परमप्रीत सिंह और युवती करीब 3-4 साल से एक-दूसरे को जानते थे। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों ने उनकी शादी की बात भी तय कर दी थी। इसी बीच युवती अपने बॉयफ्रेंड से मिलने अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ दुर्ग से रायपुर पहुंची थी।
एम्स के पास दोनों के बीच हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि परमप्रीत सिंह ने युवती को भरत मंगनानी के साथ एम्स के पास देखा था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बाद में युवती भरत के साथ जाने लगी। इसी बात को लेकर परमप्रीत ने दोनों से विवाद किया।
कार में मारी टक्कर, फिर बढ़ा विवाद
विवाद के दौरान परमप्रीत सिंह ने भरत मंगनानी की कार में टक्कर मार दी। इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी। इसी दौरान परमप्रीत कार के बोनट पर चढ़ गया। कार के आगे बढ़ने के बाद करीब 200 मीटर की दूरी पर वह सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने के बाद आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।
कार चालक की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस कार चला रहे भरत मंगनानी की तलाश कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय कार किस स्थिति में थी और युवक के गिरने की परिस्थितियां क्या थीं। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।