राजधानी रायपुर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इंडोर स्टेडियम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तिरंगा लहराकर यात्रा का शुभारंभ किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, युवाओं और शहरवासियों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से रवाना होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
CM साय के साथ डिप्टी CM अरुण साव भी हुए शामिल
यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत समेत भाजपा के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया।
चौक-चौराहों पर हुई फूलों की बारिश
तिरंगा यात्रा के मार्ग में शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर लोगों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से रायपुर गूंज उठा।
तिरंगे के साथ दिखा देशभक्ति का जज्बा
यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने माहौल को जोश और उत्साह से भर दिया। तिरंगा यात्रा के जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहरवासियों की भागीदारी ने आयोजन को भव्य रूप दिया। जगह-जगह हुए स्वागत से यात्रा का उत्साह और बढ़ गया।