राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार दोपहर प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद सनसनीखेज वारदात सामने आई। झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के कमरा नंबर 401 में युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद युवक ने अपना गला काटकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
होटल के कमरा नंबर 401 में हुआ चेक-इन
जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त को कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी ने होटल के कमरा नंबर 401 में चेक-इन किया था। दोनों ने पहचान पत्र के आधार पर होटल में प्रवेश किया था। दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच कमरे से युवती के चीखने की आवाज सुनाई दी।
कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर देखा अंदर का नजारा
चीखने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर अंदर देखने की कोशिश की। होटल कर्मचारियों के अनुसार, कमरे के अंदर युवती गंभीर हालत में पड़ी थी, जबकि युवक चाकू से अपना गला काट रहा था।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
युवक वाराणसी, युवती मोहला-मानपुर की रहने वाली
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान कृष्ण कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले का निवासी बताया गया है। वहीं युवती की पहचान रिमन मंडावी के रूप में हुई है, जो मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
रिश्ते और विवाद की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच संबंध क्या थे और होटल के कमरे में विवाद किस बात को लेकर हुआ। फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घायल युवक के बयान और जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
CCTV फुटेज और साक्ष्यों की जांच
घटना के बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कमरे से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।
रायपुर कब पहुंचे, इसकी भी जांच
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों रायपुर कब पहुंचे, होटल में साथ आने से पहले कहां मिले थे और घटना से ठीक पहले उनके बीच क्या बातचीत हुई थी। पुलिस होटल में दोनों की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
युवक के बयान से खुल सकता है वारदात का राज
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवती की मौत और युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद वारदात से जुड़े कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। युवक के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद घटना की वजह और पूरे घटनाक्रम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।