राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिए जाने से पहले ही नाकाम कर दिया। पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है। पुलिस को रात में मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक गैस कटर की तलाश कर रहे हैं। सूचना के मुताबिक, संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नई सड़क पर इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
कल्याण ज्वेलर्स को बनाया था निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका निशाना पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स था। पुलिस के मुताबिक, डकैती की योजना को अंजाम देने से पहले आरोपियों में से एक ने 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी की थी। उसने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के रास्तों और वारदात के बाद भागने के संभावित रूट की जानकारी जुटाई थी। रेकी के दौरान जुटाई गई तस्वीरें उसने अपने साथियों को भेजी थीं। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी मोबाइल फोन के जरिए पूरी योजना की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे।
दिल्ली और बिहार से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (दिल्ली), सुशांत कुमार पासवान (दिल्ली) और मयंक सिंह (मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।