राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमरजेंसी विभाग में लगे AC में ब्लास्ट के बाद आग लगी। घटना के समय वार्ड में कई मरीज भर्ती थे, जिन्हें तत्काल सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया।
AC में विस्फोट के बाद पूरे वार्ड में फैला धुआं
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे इमरजेंसी वार्ड में लगे AC में अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद आग लग गई और देखते ही देखते पूरे वार्ड में धुआं फैल गया। धुएं के कारण मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मरीजों को सुरक्षित स्थान पर किया गया शिफ्ट
घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वार्डों में पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र को खाली करवा दिया।
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम, अस्पताल के सुरक्षा कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। हालांकि, धुआं अस्पताल के अन्य हिस्सों तक फैलने के कारण एहतियातन कुछ मरीजों को दूसरे वार्डों में स्थानांतरित किया गया।