राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित मद्रासी बाइट बिरयानी सेंटर में बिरयानी के पैसे मांगना होटल मैनेजर को भारी पड़ गया। बिना भुगतान किए बिरयानी ले जाने का विरोध करने पर एक बदमाश ने मैनेजर के सिर पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
बिना पैसे बिरयानी ले जाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पंडरी स्थित मद्रासी बाइट बिरयानी सेंटर में एक युवक बिना पैसे दिए बिरयानी लेकर जाने की कोशिश कर रहा था। होटल मैनेजर ने जब उससे भुगतान करने के लिए कहा तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने बीयर की बोतल उठाकर मैनेजर के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में होटल मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही देवेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।