राजधानी रायपुर के पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन ने गुरुवार तड़के बीएसयूपी कॉलोनियों और देवार डेरा में विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। सुबह 4:30 बजे से 9:00 बजे तक चले इस अभियान में लगभग 350 मकानों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 8 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनमें मारपीट के मामले में पिछले 8 माह से फरार एक आरोपी भी गिरफ्तार किया गया।
बीएसयूपी कॉलोनियों में चला सघन सत्यापन अभियान
पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में थाना तेलीबांधा क्षेत्र के बीएसयूपी लाभांडी, बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा में अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना तेलीबांधा और पुलिस लाइन के 80 से अधिक अधिकारी एवं जवान कार्रवाई में शामिल रहे।
बिना सत्यापन के रह रहे किरायेदारों की हुई जांच
अभियान के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों, बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों तथा बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान 8 संदिग्ध व्यक्ति मिले, जिनके विरुद्ध अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
8 माह से फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मारपीट के एक मामले में पिछले 8 माह से फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में भी जांच जारी है।
'समाधान' ऐप की दी जानकारी, नागरिकों से की अपील
अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों को 'समाधान' मोबाइल ऐप की जानकारी दी और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस थाना या डायल-112 पर देने का आग्रह किया गया।
अपराध नियंत्रण के लिए आगे भी जारी रहेगा अभियान
रायपुर पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सत्यापन और चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।