रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये कीमत का 191 किलो 525 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो रिश्ते में पिता-पुत्र हैं। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और ओडिशा से गांजा लेकर नागपुर जा रहे थे।
भारी मशीनरी के बीच 7 बोरियों में छिपाया था गांजा
पुलिस के मुताबिक, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी में नाकेबंदी के दौरान एक 6 चक्का ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में रखी भारी मशीनरी के बीच 7 बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था। जांच में कुल 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक और उसमें लदी भारी मशीनरी समेत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
एक महीने से आरोपियों पर थी पुलिस की नजर
क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि पुलिस पिछले करीब एक महीने से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर ट्रक को रोका गया, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।
ओडिशा से नागपुर तक फैला था तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर नागपुर जा रहे थे। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह अंतर्राज्यीय गिरोह का मामला हो सकता है और जल्द ही इससे जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।