रायपुर। राजधानी रायपुर में पारंपरिक गरबा और डांडिया का लोकप्रिय आयोजन ‘रायपुर रास’ सीजन-5 इस वर्ष 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर समिति ने कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रमुख आकर्षणों की जानकारी साझा की। प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने बताया कि ‘रायपुर रास’ के इस सीजन में पारंपरिक गरबा, सांस्कृतिक विरासत, मनोरंजन और आकर्षक पुरस्कारों का विशेष संगम देखने को मिलेगा। आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक खानपान को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ी लोकधुनों के साथ होगी गरबा की शुरुआत
आयोजन की खास बात यह होगी कि गरबा की शुरुआत छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों की धुनों को गुजराती गरबा बीट्स के साथ मिलाकर की जाएगी। इसके अलावा परिसर में गढ़कलेवा कॉर्नर के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। समिति की ओर से प्रतिभागियों के लिए ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ का विशेष पुरस्कार भी रखा गया है। यह सम्मान उन प्रतिभागियों को दिया जाएगा, जो अपनी पारंपरिक वेशभूषा और डांस स्टेप्स के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
पारंपरिक गरबा संगीत और ड्रेस कोड अनिवार्य
आयोजन समिति के अनुसार, सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने के लिए कार्यक्रम में केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे। बॉलीवुड गानों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे। वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। कार्यक्रम में पारिवारिक माहौल बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, अकेले पुरुषों यानी स्टैग बॉयज के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
एसी हॉल में गरबा, मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
अक्टूबर की गर्मी और उमस से राहत देने के लिए पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित रखा जाएगा। समिति ने इसे ‘एसी वाला गरबा’ नाम दिया है, ताकि प्रतिभागी आरामदायक माहौल में गरबा और डांडिया का आनंद ले सकें। आयोजन में पुरस्कारों को लेकर भी खास तैयारी की गई है। समिति के अनुसार, जैन मोबाइल की ओर से प्रतिभागियों को स्क्रैच कूपन दिए जाएंगे, जिनके माध्यम से आईफोन और आईपैड जीतने का मौका मिलेगा। वहीं, श्री ट्रेवल्स की ओर से विजेताओं को बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों की यात्राएं पुरस्कार के रूप में दी जाएंगी।
सीसीटीवी, महिला बाउंसर्स और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और महिला बाउंसर्स की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी मौके पर उपलब्ध रहेगी। आयोजन समिति का कहना है कि ‘रायपुर रास’ सीजन-5 के जरिए शहरवासियों को परंपरा, संस्कृति, मनोरंजन और आकर्षक पुरस्कारों से जुड़ा एक अलग अनुभव देने की तैयारी की गई है।
प्रेसवार्ता में ये रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा के साथ ऋषभ सोनी, वर्धन पाठक, शशांक ठाकुर, ऋषभ जैन, यश सोनी, प्रतीक कसार, शुभांशु आचार्य, रवि दीक्षित, सिद्धार्थ ठक्कर, मोहित नानवानी, नितिन भंडारकर, यश गोलछा, अमित वर्मा, पलाश बरडिया, अवि चौरसिया, दिव्यांश अग्रवाल और मानस श्रीवास्तव उपस्थित रहे।